प्रोड्यूसर असित मोदी ने नेहा मेहता की शिकायतों पर तोड़ी अपनी चुप्पी, बोले- "उन्होंने शो छोड़ने का मन बना लिया था"
हाल ही में पॉपुलर टीवी शो 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में अंजलि मेहता का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री नेहा मेहता ने शो छोड़ दिया है। नेहा की मानें तो उनकी शो के प्रोड्यूसर असित मोदी से कुछ अनबन चल रही थी जिसकी वजह से उन्हें शो छोड़ने का फैसला लेना पड़ा। हालांकि असित मोदी ने बताया कि नेहा ही शो में नहीं रहना चाहती थी और इसीलिए मेकर्स ने उन्हें जाने दिया।
वह शो में लौटना नहीं चाहती थी:
दैनिक भास्कर से बातचीत के दौरान असित ने बताया, "तकरीबन चार महीने पहले नेहा मेहता ने हमें यह बताते हुए लिखा था कि वह अपनी मर्जी से शो के लिए काम करना बंद करना चाहती हैं। हमने उनसे संपर्क करके इसपर बात करना सही माना और इसलिए उनसे संपर्क करने की कोशिश की। हमें उनसे जानना था कि क्या कोई ऐसी बात है जिसमें हम उनकी मदद कर सकते हैं लेकिन उनसे संपर्क नही हो पाया। हमने 10 जुलाई को शूटिंग फिर से शुरू की थी लेकिन नेहा ने 10 अगस्त तक हमें कोई जवाब नहीं दिया। फिर भी जब हमें उनसे बात करने का मौका मिला, तब हमने उनकी चिंताओं को दूर करने का पूरा प्रयास किया और उन्हें शो में वापस आने का सुझाव भी दिया। लेकिन तब तक शायद उन्होंने मन बना लिया था और वह शो में लौटना नहीं चाहती थी।"
कोई शो छोड़ता है तो बुरा तो लगता ही है लेकिन मैं कुछ नहीं कर सकता:
असित आगे बताते हैं, "हम उनका और उनके निर्णय का सम्मान करते हैं। वह लम्बे समय से हमारे शो का हिस्सा थीं। इसमें किसी बात का संदेह नहीं है कि उन्होंने इतने साल शो में अच्छा प्रदर्शन किया है। मेरा काम टीम को एकजुट रखना है, संघटित रखना है। हमारी बड़ी टीम है और यह पूरा मेरा परिवार है। कोई शो छोड़ता है तो उससे बुरा तो लगता ही है लेकिन मैं कुछ नहीं कर सकता। शो की शूटिंग शुरू होने के बाद हमने नेहा मेहता से बात की और उन्हें समझाने की भी कोशिश की पर तब उन्होंने स्पष्ट किया कि वह शो में वापस नहीं लौट रही हैं। अभी ऐसा है तो हमें अंजलि मेहता के किरदार को निभाने के लिए नए कलाकार की तलाश तो करनी ही पड़ेगी। बस वही बात है। अब हमने नया कलाकार ले लिया है और जिस कलाकार को लाया गया है वह अच्छा काम कर रही हैं। किसी कलाकार को एक बार लेने के बाद उन्हें उस किरदार से हटा देना या निकाल देना संभव नहीं है।"
मैं उनका और उनके फैसले का सम्मान करता हूं:
दोनों के बीच हुई अनबन को लेकर असित मोदी बताते हैं, "देखिए छोटे -बड़े किस्से तो होते है और वह किस परिवार में नहीं होते। वह सब दो पल की बातें होती हैं। हम सब उन्हें भूलकर आगे बढ़ते हैं और हंसी खुशी रहते हैं। हर चीज का हल होता है। अगर कभी कुछ मनमुटाव हो भी जाए तो मैं उन्हें समझाता हूं। उनसे बात करता हूं। इनसे भी बात की थी। पर शो में काम करने की उनकी इच्छा नहीं थी तो कोई कुछ नहीं कर सकता। मैं उनका और उनके फैसले का सम्मान करता हूं।" बता दे, शो में अब अभिनेत्री सुनैना फौजदार अंजलि मेहता का किरदार निभा रही हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/30n6XBp
Comments