आर्थिक तंगी से परेशान होकर डिप्रेशन में थे शार्दुल पांडे, बोले- 'कमबैक के लिए दोस्तों ने कपड़ों से लेकर हर चीज में मदद की है'
रियलिटी शो बिग बॉस 14 में नैना सिंह, कविता कौशिक और टीवी एक्टर शार्दुल पंडित ने बतौर वाइल्ड कार्ड एंट्री ली है। शो में परिचय देते हुए शार्दुल ने बताया था कि वो आर्थिक तंगी के चलते मुंबई छोड़कर अपने घर इंदौर लौट गए थे। उनके पास अपने घर का किराया देने तक के पैसे नहीं थे जिसके बाद वो डिप्रेशन में भी चले गए थे। घर में एंट्री लेने से पहले शार्दुल ने बताया कि कैसे उनके इंडस्ट्री के दोस्तों ने इससे निकलने में मदद की।
शो में एंट्री लेने से पहले बॉलीवुड लाइफ से बातचीत में शार्दुल ने तंगी से निकलकर वापसी करने पर कहा, 'मेरे दोस्तों ने मेरे कपड़ों से लेकर हर चीज में मेरी मदद की है। मुझे ये बताते हुए शर्मिंदगी नहीं हो रही है। मेरे बैंक में महज कुछ हजार रुपए ही बचे थे। मुझे लगता है हर कलाकार के पास ये कॉन्फिडेंट होना चाहिए चाहे जो भी हो जाए। यही सबसे ज्यादा जरूरी है। मेरे दोस्त जहां तक हो सके वहां तक मेरी मदद कर रहे हैं'।
शार्दुल ने जून में टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए एक इंटरव्यू में बताया था कि उनके पास पिछले 8 महीनों से काम नहीं है। एक्टर ने कहा, "तीन बार पीलिया होने के चलते मैं करीब सालभर से अस्वस्थ हूं। इसके चलते रियलिटी शो 'मुझसे शादी करोगे' मेरे हाथ से निकल गया।"लॉकडाउन के पहले मुझे एक वेब सीरीज भी ऑफर हुई थी, लेकिन मैं नहीं जानता कि उस मोर्चे पर क्या हो रहा है। पहले से ही आर्थिक तंगी से गुजर रहा था और मेरी बचत भी लॉकडाउन में खर्च हो चुकी थी।"
लगातार असफलता मिलने से डिप्रेशन में थे शार्दुल
इंटरव्यू के दौरान एक्टर ने बताया कि लगातार काम ना करने और बीमारी से जूझने का असर उनकी मेंटल कंडीशन पर पड़ा। कई महीनों से परेशान एक्टर डिप्रेशन में भी चले गए थे। उन्होंने डिप्रेशन की हालत में साल 2019 में थेरेपिस्ट से कंसल्ट किया था। इस दौरान उनके दोस्त करण पटेल और उनकी पत्नी अंकिता भार्गव ने शार्दुल का खूब सपोर्ट किया। करण पटेल ने बिग बॉस 14 में वीडियो कॉल के जरिए दोस्त का हौंसला भी बढ़ाया था।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/35xZIbu
Comments