ऑडिशन देने के लिए कंटेस्टेंट ने लिया 5 हजार रुपए का लोन, गरीबी देख नेहा कक्कड़ ने दिया 1 लाख रुपए का तोहफा
टेलीविजन का सिंगिंग रियलिटी शो 28 नवम्बर से सोनी टीवी पर प्रसारित होने को तैयार है। नेहा कक्कड़, हिमेश रेशमिया और विशाल ददलानी की तिगड़ी इस सीजन बतौर जज शो में नजर आने वाली है। न्यूली-वेड नेहा कक्कड़ ने दुबई हनीमून से वापस आकर शो की शूटिंग भी शुरू कर दी है। अब लगातार शो के प्रोमो जारी किए जा रहे हैं जिसमें कुछ कंटेस्टेंट्स से रूबरू करवाया गया है। इसी बीच जयपुर के शहजाद अली का वीडियो भी सामने आया है जिसकी गरीबी नेहा कक्कड़ से देखी नहीं गई और उन्होंने कंटेस्टेंट को 1 लाख रुपए तोहफे में दे दिए।
सोनी टीवी द्वारा हाल ही में शो का नया प्रोमो जारी किया गया है। इसमें जयपुर से ऑडीशन देने मुंबई पहुंचे शहजाद अली ने हारमोनियम लेकर गाना गाया। अपना परिचय देते हुए शहजाद ने बताया कि वो गुजारा करने के लिए जयपुर में कपड़े की एक छोटी सी दुकान में काम करते हैं। बचपन में ही उनकी मां का निधन हो गया था जिसके बाद नानी ने उन्हें पाला है। इस पर जज विशाल ने पूछा कि आप जयपुर से यहां कैसे आए तो जवाब मिला, नानी ने बैंक से लोन लिया है। आगे नेहा ने पूछा कि कितना लोन, तो शहजाद ने बताया 5 हजार रुपए।
कंटेस्टेंट की बात सुन जज नेहा पूरी तरह दंग रह जाती हैं। आगे नेहा उन्हें खुश करते हुए कहती हैं, मेरी तरफ से आपको और आपकी नानी को 1 लाख रुपए का छोटा सा तोहफा। नेहा का नेक कदम देख विशाल भी उनकी मदद करते हैं। विशाल ने मदद की बजाय उन्हें एक अच्छे गुरू का तोहफा दिया है।
28 नवम्बर से ऑन-एयर होगा इंडियन आइडल 2020
सिंगिंग रियलिटी शो 28 नवम्बर से सोनी टीवी पर ऑन-एयर किया जाने वाला है जिसकी शूटिंग जल्द दोबारा शुरू होगी। सोनी टीवी द्वारा शो के कई प्रोमो भी सामने आ चुके हैं जिनमें कुछ कन्फर्म कंटेस्टेंट्स के परिचय करवाए गए हैं। इनमें महाराष्ट्र की अंजलि और आशीष, राजस्थान की सवाई, उत्तराखंड से शानमुख प्रिया और पवनदीप और आंध्रप्रदेश से सिरीशा शामिल हैं। इस बार शो की टैगलाइन फिर बदलेगा देश का मौसम रखी गई है।
इमोशनल होने से कई बार ट्रोल हो चुकी हैं नेहा कक्कड़
पिछले कुछ सालों से नेहा कक्कड़ इंडियन आइडल की जज की कुर्सी पर बैठी हैं। इस शो में कई बार नेहा को कंटेस्टेंट्स की दुख भरी कहानी सुनकर इमोशनल होते देखा गया है जिसपर उन्हें सोशल मीडिया पर काफी ट्रोल किया जाता है। हर साल नेहा के कुछ मीम्स जमकर वायरल होते हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/364n7CT
Comments