एक्टर प्रियांशु पैन्यूली ने की गर्लफ्रेंड वंदना जोशी से शादी, देहरादून में हुई वेडिंग सेरेमनी
'मिर्जापुर 2' में रोबिन के किरदार में नजर आए अभिनेता प्रियांशु पैन्यूली ने गर्लफ्रेंड वंदना जोशी से शादी कर ली है। गुरुवार रात फैमिली और क्लोज फ्रेंड्स की मौजूदगी में उनकी वेडिंग सेरेमनी देहरादून में हुई। उनकी शादी के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। शादी में जहां प्रियांशु ने ब्लश पिंक दुपट्टे के साथ बेज कलर की शेरवानी पहनी थी तो वहीं वंदना पिंक लहंगे में नजर आईं।
प्रियांशु ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
प्रियांशु ने सोशल मीडिया पर अपनी शादी की खबर शेयर की है। कुछ फोटो साझा करते हुए उन्होंने लिखा है कि 2020 की शुरुआत में वे नहीं जानते थे कि वक्त कहां लेकर जाने वाला है। फिर महामारी ने आकर दुनियाभर में शादी के प्लान्स पर रोक लगा दी।
वे आगे लिखते हैं- लेकिन हमने फैसला लिया कि हम बहुत ही कम लोगों में छोटी सी सेरेमनी करेंगे। जो लोग शामिल नहीं हो सके, उनके लिए... मैं जानता हूं कि आप आत्मीय रूप से मौजूद थे। हमने अपने आपको और दूसरों को यह याद दिलाने के लिए शादी की कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि जिंदगी हमें कहां ले जाती है, परिवार हमारी प्राथमिकता होना चाहिए।
यह हमारी जिंदगी का सबसे अच्छा दिन था और जिस चीज ने इसे और भी खास बना दिया, वह चारों ओर फैली निराशा के बीच भगवान द्वारा हमें दुनिया की सबसे बड़ी खुशी दिए जाने का अहसास है। हमने एक-दूसरे से जिंदगीभर सबसे अच्छे दोस्त, सोलमेट और पार्टनर्स बने रहने का वादा किया है।
आपने पूछा कि कोरोनावायरस के वक्त में क्या प्यार है? तो मैं गेब्रियल गार्सिया मार्केज के शब्दों में जवाब दूंगा,' एक वक्त था, वे दोनों एक-दूसरे से सबसे ज्यादा प्यार करते थे, बिना किसी हड़बड़ी या अधिकता के, जब दोनों प्रतिकूल परिस्थितियों में अपनी अविश्वसनीय जीत के लिए सबसे ज्यादा सचेत और आभारी थे। जिंदगी अब भी उन्हें अन्य नैतिक परीक्षाओं के साथ पेश करेगी, लेकिन अब ये मायने नहीं रखता।
साल की शुरुआत में करना चाहते थे शादी
प्रियांशु ने एक अंग्रेजी न्यूज वेबसाइट से बातचीत में कहा, "पहले हम इस साल की शुरुआत में शादी करना चाहते थे। लेकिन हमें कोई तारीख समझ नहीं आई और फिर कोरोनावायरस आ गया। इसलिए हमें अपना प्लान बदलना पड़ा। हालांकि, हम अपनी शादी पोस्टपोन नहीं करना चाहते थे। हमने सोचा क्यों न इस साल के अंत में खुशी-खुशी शादी की जाए।"
दिसंबर में मुंबई में होगा रिसेप्शन
प्रियांशु के मुताबिक, दिसंबर में वे रिसेप्शन होस्ट करेंगे। वे कहते हैं, "दिसंबर के पहले सप्ताह में हम मुंबई लौट आएंगे। उसके अगले सप्ताह में हम इंडस्ट्री के दोस्तों के लिए रिसेप्शन देंगे।" प्रियांशु ने 'भावेश जोशी सुपरहीरो' और 'एक्सट्रैक्शन' जैसी फिल्मों में भी काम किया है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3q6xEpe
Comments