नहीं रहीं फिल्म और टीवी एक्ट्रेस लीना आचार्य, किडनी फेल होने के बाद दिल्ली में ली अंतिम सांस
फिल्म और टीवी एक्ट्रेस लीना आचार्य का किडनी फेल होने की वजह से निधन हो गया है। शनिवार को दिल्ली में उन्होंने अंतिम सांस ली। सीरियल 'सेठजी' में उनके को-एक्टर रहे वरशिप खन्ना की मानें तो लीना करीब डेढ़ साल से किडनी की बीमारी से जूझ रही थीं। लीना को फिल्म 'हिचकी' के अलावा वेब शो 'क्लास ऑफ 2020' और टीवी सीरियल्स 'सेठजी', 'आपके आ जाने से' और 'मेरी हानिकारक बीवी' के लिए जाना जाता था।
को-एक्टर रोहन मेहरा ने किया याद
वेब शो 'क्लास ऑफ 2020' में लीना के को-एक्टर रहे रोहन मेहरा ने एक्ट्रेस को याद करते हुए अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा है, "आपकी आत्मा को शांति मिले लीना आचार्य मैम। पिछले साल यही वक्त था, जब हमने 'क्लास ऑफ 2020' की शूटिंग की थी। आप हमेशा याद आएंगी।"

एक किडनी पर सर्वाइव कर रही थीं लीना
सीरियल 'सेठजी' में लीना के को-एक्टर रहे वरशिप खन्ना ने एक अंग्रेजी न्यूज वेबसाइट से बातचीत में कहा, "एक्ट्रेस पिछले डेढ़ साल से किडनी की बीमारी से जूझ रही थीं। कुछ समय पहले उनकी मां ने उन्हें किडनी डोनेट की थी, लेकिन वे सर्वाइव नहीं कर पाईं।"
वरशिप ने आगे कहा, "मैं जानता था कि उन्हें 2015 से हेल्थ प्रॉब्लम थी। वे एक किडनी पर सर्वाइव कर रही थीं और काम कर रही थीं। पिछले चार महीने में उन्हें कई तरह की बीमारियां हुईं और वे बच नहीं सकीं। वे अनुभवी एक्ट्रेस थीं और हमेशा याद आएंगी।"
एक महीने पहले से कर रही थीं मौत से जुड़ी पोस्ट
लीना ने 3 नवंबर को इंस्टाग्राम पर अपनी अंतिम पोस्ट की थी, जिसमें वे पिंक साड़ी, ज्वैलरी और मेकअप में नजर आ रही थीं। इससे पहले 21 अक्टूबर को उन्होंने एक कोट शेयर किया था, जिसमें लिखा था, "चंद सांसें ही हैं, जो उड़ा ले जाएगी। और इससे ज्यादा मौत क्या ले जाएगी।"
इसके बाद 24 अक्टूबर को भी उन्होंने जिंदगी और मौत से जुड़े ऐसे ही कोट सोशल मीडिया पर साझा किए थे, जिन्हें देखकर लगता है कि लीना को अपनी मौत का अहसास काफी पहले हो गया था।
##Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3lUeVuq
Comments