'तारक मेहता...' के जेठालाल बोले- ज्यादा एपिसोड के चक्कर में शो की क्वालिटी प्रभावित हुई, राइटर्स प्रेशर में हैं
'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' के सबसे पॉपुलर किरदार जेठालाल को निभा रहे दिलीप जोशी की मानें तो ज्यादा एपिसोड दिखाने के चक्कर में शो की क्वालिटी प्रभावित हुई है। वे स्टैंडअप कॉमेडियन सौरभ पंत के स्पेशल पॉड-कास्ट में बात कर रहे थे। उन्होंने इस दौरान कहा कि हर दिन एपिसोड डिलीवर करने के चक्कर में शो के राइटर्स प्रेशर में हैं, जिसका असर क्वालिटी पर पड़ रहा है।
'यह शो करीब-करीब फैक्ट्री हो गया है'
बकौल दिलीप- जब आप क्वांटिटी देखते हैं तो कहीं न कहीं क्वालिटी सफर होती ही है। पहले हम वीकली करते थे और राइटर्स के पास बहुत टाइम होता था। चार एपिसोड लिखे, दूसरे चार एपिसोड अगले महीने करना है। अभी यह करीब-करीब फैक्ट्री हो गया है। हर दिन राइटर्स को नया सब्जेक्ट चाहिए। आखिर वे भी तो इंसान हैं।
मैं इस बात से सहमत हूं कि जब आप लंबे समय के लिए डेली शो करते हैं तो सभी एपिसोड एक ही स्तर के नहीं हो सकते। जहां तक कॉमेडी का संबंध है तो मुझे लगता है कि कुछ एपिसोड उस स्तर के नहीं रहे।
शो के 3000 एपिसोड पूरे हो चुके
हाल ही में शो के 3000 एपिसोड्स पूरे हुए हैं। इस मौके पर दिलीप जोशी ने अपने किरदार को लेकर कहा था, "यह किरदार निभाना मेरे लिए एक तोहफा है, जिसने मुझे बहुत कुछ दिया है। इसका एक बड़ा क्रेडिट फैंस और शुभचिंतकों को जाता है, जिन्होंने हमारा स्वागत कर हमें अपनी जिंदगी का हिस्सा बनाया है।"
रियलिटी शो में पहुंची थी पूरी टीम
पिछले दिनों शो की स्टारकास्ट और प्रोड्यूसर असित मोदी डांस रियलिटी शो 'इंडियाज बेस्ट डांसर' में पहुंचे थे। इस दौरान जब कंटेस्टेंट रुतुजा जुन्नारकर ने दया भाभी के किरदार में परफॉर्मेंस दी तो वे एकदम असल दया भाभी (दिशा वाकाणी) की तरह लग रही थीं। असित मोदी ने उन्हें अपने शो में लेने की इच्छा जताई थी।
गौरतलब है कि दिशा वाकाणी पिछले दो साल से शो का हिस्सा नहीं हैं। वे बेटी के जन्म के समय मैटरनिटी लीव पर गई थीं, तब से अब तक शो पर लौटी नहीं हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/383Cehn
Comments