अमर उपाध्याय को याद आया मिहिर विरानी का आइकोनिक किरदार, डेथ सीन के बाद वापस बुलाने के लिए फैंस ने किया था प्रोटेस्ट
टेलीविजन एक्टर अमर उपाध्याय कलर्स टीवी के शो मोलक्की में बतौर लीड एक्टर नजर आने वाले हैं। ये शो नॉर्थ इंडिया के एक ऐसे गांव की कहानी है जहां शादी के लिए गरीब लड़कियों को खरीदा जाता है। इस शो पर बात करते हुए अमर ने अपने लोकप्रिय शो क्योंकि सास भी कभी बहू के दिनों को याद किया जिसमें एक्टर ने मिहिर विरानी का आइकोनिक किरदार निभाया था।
अमर उपाध्याय ने साल 2000 से 2001 तक शो में मिहिर का किरदार निभाया था जिसे बीच में मार दिया गया था। शो में दिखाया गया था कि एक रोड एक्सीडेंट में मिहिर की मौत हो गई थी। अपने पसंदीदा किरदार को बीच में मरते देख लोगों ने प्रोटेस्ट तक कर दिया था। शो की टीम और एक्टर को लगातार फैंस कॉल करके किरदार वापस लाने की डिमांड कर रहे थे। इस दौरान एक महिला ने गुस्से में बालाजी के ऑफिस के बाहर धरना प्रदर्शन तक कर दिया था।
खुशकिस्मत हूं जो इतना प्यार मिला
अपने डेथ सीन को याद करते हुए अमर बताते हैं, जब मिहिर का डेथ सीन शूट कर रहा था तो रोंगटे खड़े हो गए थे। जिस सीन में मैं सभी घर वालों को बाय कहता हूं और तुलसी की तरफ देखकर हाथ हिलाया, तब मुझे एहसास हुआ कि मैं शो छोड़ रहा हूं। मुझे लगा था कि अब जिंदगी पहले जैसी नहीं होगी। सबको लगा था कि मैं शो छोड़ रहा हूं और सबकी आंखों में आंसू थे। मुझे यकीन नहीं था कि शो में मेरा कमबैक होगा या नहीं लेकिन खुशकिस्मती से मुझे 15- 20 दिन में दोबारा बुला लिया गया। ये काफी दुर्लभ था, मुझे लगता है मैं काफी खुशकिस्मत हूं कि मुझे इतना प्यार मिला।
अपने अपकमिंग शो के बारे में बात करते हुए अमर बताते हैं,जब मैंने पहली बार मोलक्की सुना तो मुझे इसका मतलब नहीं पता था। इस बारे में मैंने पता किया तो मैं हैरान रह गया कि इस तरह की प्रथा अब भी समाज का हिस्सा हैं। मुझे लगता है कि ऑडियंस नए शो को काफी पसंद करती है और अपनाती है इसलिए मैं इस शो का हिस्सा बना।
मोलक्की शो 16 नवम्बर से कलर्स चैनल पर शुरू हो चुका है। इस शो में अमर उपाध्याय वीरेंद्र प्रताप सिंह के किरदार में हैं जिनकी शादी आधी उम्र की लड़की से हो जाती है। ये शो नॉर्थ इंडिया की एक ऐसी प्रथा पर आधारित है जिसमें पैसे लेकर गांव की लड़कियों की शादी की जाती है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/35DDfew
Comments