छत्तीसगढ़ की सरकारी टीचर अनूपा दास बनीं सीजन की तीसरी करोड़पति, बोलीं- "मां के कैंसर का सबसे अच्छा ट्रीटमेंट करवाऊंगी"
छत्तीसगढ़ की अनूपा दास 'कौन बनेगा करोड़पति 12' की तीसरी करोड़पति बन गई हैं। हाल ही में भास्कर से बातचीत के दौरान अनूपा ने इतनी बड़ी रकम जीतने और अपने परिवार की स्थिति के बारे में कुछ खास बातें शेयर की हैं।
जैकपॉट रकम जीतकर कैसा महसूस हो रहा है?
सच कहूं तो मेरी जिंदगी में ऐसा कुछ हो गया जो मैंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था। मुझे अभी भी यकीन नहीं हो रहा है कि मैं करोड़पति बन गई हूं। अभी भी लग रहा है जैसे मैं कोई सपना देख रही हूं। केबीसी ने मेरी जिंदगी पूरी तरह से बदल दी है। लोगों का मेरे प्रति और मेरे आस-पास की हर छोटी-छोटी चीजों के प्रति नजरिया बेहतर हुआ है। मुझे वास्तव में समझ नहीं आ रहा कि इस इमोशन को शब्दों में कैसे बयां करूं।

कितने वर्षों से इस शो में आने का प्रयास कर रही थीं?
यह शो में भाग लेने का मेरा पहला मौका था। हालांकि, मैं पहले सीजन से इस शो में आने का प्रयास कर रही थीं। बारह लंबे वर्षों के इंतजार के बाद, मेरी प्रार्थना का आखिरकार जवाब मिल गया और मुझे केबीसी में भाग लेने का यह 'वन्स इन लाइफटाइम' मौका मिला।
आप अपनी इस जीत को किसे समर्पित करना चाहेंगी?
मैं पूरी ईमानदारी से अपनी जीत को अपने परिवार, विशेषकर अपने माता-पिता को समर्पित करुंगी। मैं उनके प्यार और समर्थन के कारण केबीसी की विजेता के रूप में यहां खड़ी हूं।
जीतने वाली रकम का आप क्या करेंगी?
ये पैसे मैं अपनी मां का इलाज करने के लिए उपयोग करूंगी, जिन्हें स्टेज 3 कैंसर है। इस समय मैं और मेरे परिवार वाले कठिन समय से गुजर रहे हैं, क्योंकि हमारे अधिकांश पैसे अस्पतालों में खर्च हो गए। अब, मेरे पास जो कुछ भी है वह उन्हीं का है। शो में मैंने जो कुछ भी कमाया है, उससे मैं अपने परिवार का समर्थन करुंगी। भगवान की कृपा से, आखिरकार हमारे पास अपनी मां को सबसे अच्छा ट्रीटमेंट देने के लिए पैसे आ गए हैं।
7 करोड़ का सवाल क्या था और आपकी विचार प्रक्रिया क्या थी?
आखिरी सवाल में मुझसे दो खिलाड़ियों के बारे में पूछा गया कि वे किस टीम से हैं और चूंकि खेल के विषय में मैं ज्यादा मजबूत नहीं हूं इसलिए मैं पहले कुछ मिनटों के लिए घबरा गई थी। मैंने इतने बड़े स्तर पर पहुंचने के बाद इतना बड़ा जोखिम नहीं लेने का फैसला किया। मैं केवल एक गलत उत्तर के कारण जीती हुई रकम को खोने के लिए तैयार नहीं थी। एक करोड़ और सात करोड़ के बीच का अंतर एक करोड़ और तीन लाख बीस हजार के बीच के अंतर से काफी कम लग रहा था। इसलिए, मैंने छोड़ने का फैसला किया। शो में मैंने जो कुछ भी हासिल किया, उससे मैं बहुत खुश हूं।
कैसा है अनूपा दास का परिवार-
मेरे परिवार में मेरे माता-पिता, दो छोटी बहनें शामिल हैं, दोनों विवाहित हैं और उनके बच्चे हैं। 8 लोगों का मेरा परिवार ही मेरी पूरी दुनिया है। मैं एक तलाकशुदा हूं, मैंने 2009 में शादी की और एक महीने में तलाक हो गया। इसलिए, पिछले 11 साल मेरे लिए कठिन रहे हैं, खासकर पिछले दो वर्षों से मेरी मां के स्वास्थ्य के कारण। लेकिन, जैसा कि मैंने कहा, मेरा परिवार मेरी ताकत है। मैं आज जो भी हूं अपने परिवार के प्यार और समर्थन के कारण हूं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3nZbnri
Comments