कर्मचारी को चप्पल से पीटने वाली BJP लीडर 'बिग बॉस' में, बोलीं- पति की मौत के बाद बड़ी मुश्किलों से गुजरी

इसी साल जून में हिसार की बाजार समिति के एक सरकारी कर्मचारी को चप्पल से पीटकर चर्चा में रहीं एक्ट्रेस और भाजपा नेता सोनाली फोगाट ने 'बिग बॉस 14' में वाइल्डकार्ड एंट्री ले ली है। शो में जाने से पहले उन्होंने एक बातचीत में अपने संघर्ष के बारे में बताया। सोनाली की मानें तो पति संजय फोगाट की मौत के बाद उन्हें मानसिक प्रताड़ना से गुजरना पड़ा था। 16 दिसंबर 2016 को संजय फोगाट हिसार स्थित अपने फार्महाउस के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए थे।

'सरकारी स्कूल में की पढ़ाई'

हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में सोनाली ने कहा, "मेरा जन्म एक किसान परिवार में हुआ था। 10वीं क्लास तक मैंने सरकारी स्कूल में पढ़ाई की और उसके बाद मेरी शादी हो गई। शादी के बाद मैंने दुनिया को यह दिखाने का फैसला लिया कि महिलाएं कमजोर नहीं होतीं, बल्कि आदमी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करती हैं। हरियाणा में सिर्फ पुरुष घर से बाहर जाते हैं। हमारे परिवार में भी ऐसा ही था।"

'पति ने हर कदम साथ दिया'

बकौल सोनाली, "मेरे ससुरालवालों ने मुझे आगे पढ़ने की इजाजत दे दी, लेकिन वे नहीं चाहते थे कि मैं बाहर जाऊं और काम करूं। हालांकि, मैंने अपने पति को मना लिया और उनकी इजाजत ले ली। इसके बाद मेरा संघर्ष शुरू हुआ, क्योंकि मैं एक्टिंग लाइन में आ गई और मेरी मदद करने वाला कोई नहीं था। मैंने जो किया, अपने दम पर किया। फिर मैं राजनीति से जुड़ गई और मेरे पति ने यहां भी मुझे बहुत सपोर्ट किया।"

'फिर लोगों की असलियत देखी'

सोनाली बताती हैं, "जब पति की मौत हुई, तब मैंने लोगों की असलियत और महिलाओं के प्रति उनका नजरिया जाना। अगर महिला अच्छी दिखती है और अकेली है, तो उसे जीने की इजाजत नहीं है। उसे मानसिक प्रताड़ना दी जाती है और उसके बारे में गलत बातें बोली जाती हैं। लोग आपको घर में बिठाने और आपका फायदा उठाने के लिए सारे हथकंडे अपनाते हैं। मेरे पति की मौत के बाद मैंने भी कई मुश्किलों का सामना किया, जिसने मुझे और मजबूत बनाया।"

##

चप्पल विवाद पर बोलने से बचीं

जब सोनाली से पूछा गया कि उनके चप्पल वाले वायरल वीडियो के पीछे की कहानी क्या है तो उन्होंने कहा, "देखिए अभी मामला कोर्ट में है। इसलिए इस पर कुछ भी बोलना न्यायालय की अवमानना होगी। लेकिन मैं इतना जरूर कह सकती हूं कि अगर कोई महिला की गरिमा के साथ खिलवाड़ करेगा तो मैं हमेशा लड़ने के लिए तैयार हूं।"

##

उन्होंने आगे कहा, "मैं समाज सेवा के क्षेत्र से आती हूं। अगर मैं खुद की रक्षा नहीं कर सकती तो दूसरी महिलाओं को कैसे बचा पाऊंगी? जब अपनी गरिमा या किसी और के अधिकार के लिए लड़ने की बात आएगी तो मुझे ऐसा करने में कोई हिचक नहीं है।"



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Bigg Boss 14: Sonali Phogat Shares Her Struggle, Reveals She Went Through Mental Torture After Husband's Death


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/34Dzp3M

Comments

Popular posts from this blog

ऐश्वर्या राय के इस गाने पर नुसरत फतह अली खान के फैन हुए नाराज......