सोनाली फोगाट को आई पति की याद, रोते-रोते बोलीं- उनके गुजरने के बाद कई रात सो नहीं सकी
हरियाणा की भाजपा नेता और एक्ट्रेस सोनाली फोगाट इन दिनों 'बिग बॉस 14' में बतौर कंटेस्टेंट नजर आ रही हैं। बुधवार रात के एपिसोड में वे उस वक्त फूट-फूटकर रो पड़ीं, जब सिंगर और को-कंटेस्टेंट राहुल वैद्य से पति संजय फोगाट के बारे में बात कर रही थीं। दिसंबर 2016 में संजय संदिग्ध परिस्थितियों में हिसार स्थित अपने फार्महाउस के पास मृत मिले थे।
सास ने दी राजनीति में आगे बढ़ने की सलाह
राहुल से बातचीत में सोनाली ने बताया कि वे एक रूढ़िवादी परिवार से आती हैं, जहां महिलाओं का बाहर निकलकर काम करना आसान नहीं है। उन्होंने आगे कहा, "मैं कई साल तक रोई हूं और इसका प्रभाव मेरी आंख पर पड़ा था। मैं यह सब काम नहीं करना चाहती थी। फिर मेरी सासू मां ने मुझे प्रोत्साहित किया। उन्होंने मुझे राजनीति में आगे बढ़ने की सलाह दी, क्योंकि मेरे पति चाहते थे कि मैं राजनीति में आऊं।"
'मैं उनके हर सपने को पूरा कर रही हूं'
सोनाली ने आगे रोते हुए कहा, "उनके गुजरने के बाद मैं रात को सोई नहीं काफी टाइम तक। अभी भी फार्म पे जाती हूं तो कमरे, बेड से उठने का मन नहीं करता। मैं उनके हर सपने को पूरा कर रही हूं। खेत, वे सभी पेड़। वे यह सब चाहते थे।"
सोनाली को रोते देख राहुल महाजन, जैस्मिन भसीन और एली गोनी ने उन्हें ढांढस बंधाया और राहुल वैद को उन्हें और न रुलाने के लिए के लिए कहा। लेकिन जब सोनाली का रोना बंद नहीं हुआ तो एली ने उन्हें कहा कि वे बिग बॉस के घर में अकेली नहीं है, सभी कंटेस्टेंट्स उनके साथ हैं।
पति की मौत के बाद असलियत देखी
'बिग बॉस' के घर में जाने से पहले सोनाली ने एक इंटरव्यू में कहा था, "जब पति की मौत हुई, तब मैंने लोगों की असलियत और महिलाओं के प्रति उनका नजरिया जाना। अगर महिला अच्छी दिखती है और अकेली है, तो उसे जीने की इजाजत नहीं है। उसे मानसिक प्रताड़ना दी जाती है और उसके बारे में गलत बातें बोली जाती हैं। लोग आपको घर में बिठाने और आपका फायदा उठाने के लिए सारे हथकंडे अपनाते हैं। मेरे पति की मौत के बाद मैंने भी कई मुश्किलों का सामना किया, जिसने मुझे और मजबूत बनाया।" (पढ़ें पूरी खबर)
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3aEORAP
Comments