'बिग बॉस' में एंट्री से पहले राखी ने कहा- बीते सालों में आर्थिक तंगी से गुजरी, गुजारे के लिए जेवर बेचने पड़े
राखी सावंत 14 साल बाद एक बार कंट्रोवर्शियल रियलिटी शो 'बिग बॉस' में नजर आएंगी। दरअसल, शो के 14वें सीजन में मेकर्स ने पुराने कंटेस्टेंट को फिर से हिस्सा लेने का मौका दिया है। पुराने कंटेस्टेंट की लिस्ट में विकास गुप्ता, कश्मीरा शाह, मनु पंजाबी, राहुल महाजन और अर्शी खान के साथ राखी सावंत भी शामिल हैं। दैनिक भास्कर से बातचीत में राखी ने बताया कि पिछले कुछ सालों में उनके साथ कुछ ऐसे हादसे हुए, जिसके चलते उन्हें आर्थिक तंगी झेलनी पड़ी। यहां तक कि उन्हें गुजारे के लिए अपने जेवर और प्रॉपर्टी भी बेचनी पड़ी।
'मुझे कई लोगों ने लूटा'
राखी सावंत ने बताया, "पिछले 3-4 साल में मेरे साथ बहुत बुरा हुआ है। मेरी पर्सनल लाइफ में काफी उथल-पुथल हुई थी। मेरे साथ ऐसे कई हादसे हुए, जिसकी वजह से मैं काम पर फोकस नहीं कर पा रही थी। मेरे साथ धोखा हुआ था, मुझे कई लोगों ने लूटा भी। मैं फ्रॉड इंसान का शिकार हुई।"
'जेवर बेच किया गुजारा'
राखी आगे कहती हैं, " "इतने समय तक काम न करने की वजह से मुझे आर्थिक तंगी से गुजरना पड़ा। अपनी बेसिक जरूरतों के लिए मैंने अपने जेवर और प्रॉपर्टीज तक बेच दी। इतना बुरा वक्त मैंने पहले कभी नहीं देखा था। मेहनत की कमाई से अपने सपने पूरे किए थे। उन सपनों को बिखरता देखा हैं। 'बिग बॉस' के घर में मैं पूरी आत्मकथा बताऊंगी और ऑडियंस को अपनी आपबीती से रूबरू कराऊंगी।"
'सुशांत से जुड़े राज खोलूंगी'
सूत्रों की मानें तो राखी शो में सुशांत सिंह राजपूत से जुड़े राज भी खोलेंगी। इस बारे में पूछने पर उन्होंने कहा, "जी हां, ये सच है। हालांकि, इस बारे में मैं फिलहाल कुछ बता नहीं सकती। मैं एंटरटेनर हूं और मेरा अपने फैन्स से वादा है कि इस बार भी वे 'बिग बॉस' के घर में मुझे एंटरटेनमेंट करते देखेंगे। सुशांत सिंह राजपूत से लेकर अपनी पर्सनल लाइफ तक हर बात का खुलासा करने वाली हूं।"
'ट्रॉफी अपने नाम करूंगी'
राखी पिछले कुछ दिनों से लखनऊ में अपनी वेब सीरीज की शूटिंग कर रही थीं। इसी दौरान उन्हें 'बिग बॉस' का ऑफर मिला, जिसे वे ठुकरा नहीं पाईं।
वे बताती हैं, "14 साल बाद मुझे फिर से 'बिग बॉस' का ऑफर मिला है, भला कैसे ठुकरा सकती थी। यह शो मेरे लिए बहुत खास है। जो धमाल पहले सीजन में किया था, वही इस सीजन में भी करने वाली हूं। इस बार ट्रॉफी अपने नाम करने की कोशिश रहेगी। रही बात वेब सीरीज की तो मैंने आधे से ज्यादा शूटिंग कर ली है। कुछ एक हफ्ते की शूटिंग बाकी हैं, जो मैं शो से बाहर आने के बाद पूरी करूंगी।"
शादी को लेकर चर्चा में रहीं
पिछले साल राखी अपनी शादी को लेकर खूब सुर्खियों में रही थीं। सोशल मीडिया पर उन्होंने दीपक कलाल से शादी का ऐलान किया था। हालांकि, एक महीने बाद ही उन्होंने अपनी शादी तोड़ने का ऐलान भी कर दिया था।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2JyOeh6
Comments