'बिग बॉस 14' से बाहर आते ही जैस्मीन भसीन ने अली गोनी के संग शादी के सपने संजोए, बोलीं-उसके घरवाले भी मान जाते हैं तो हमारी शादी की बात जरूर होगी
एक्टर जैस्मीन भसीन ने 'बिग बॉस 14' को अलविदा कह दिया है। इसी के साथ घर में अली गोनी के साथ उनकी जोड़ी भी टूट गई है। शो से एविक्ट होने के बाद जैस्मीन ने दैनिक भास्कर से खास बातचीत की। इस दौरान जैस्मीन ने बताया की 'बिग बॉस' के जरिए उन्हें अली के लिए प्यार का एहसास हुआ और यही उनकी असली जीत है।
अली के घरवाले भी मान जाएं, तो जरूर होगी शादी की बात
जैस्मीन ने कहा, 'बिग बॉस' की वजह से मेरी जिंदगी में सबसे अच्छी चीज हुई है और वो है अली का मेरे लिए प्यार का इजहार। हम दोनों दोस्त थे, लेकिन अपने इस रिश्ते को प्यार का नाम देने से डर लगता था। डर इस बात का था की कहीं प्यार की वजह से दोस्ती का रिश्ता न टूट जाए। मैं उसे खोना नहीं चाहती थी। शो में उनके साथ वक्त बिताकर इस बात का एहसास हुआ की मैं उनसे बहुत प्यार करती हूं और वो भी करते हैं। इंतजार रहेगा अब अली का शो से बाहर आने का। मेरे घरवालों को अली बहुत पसंद हैं। अगर अली के घरवाले भी मान जाते हैं तो हमारी शादी की बात जरूर होगी। बहुत खुश हूं और इस रिश्ते को आगे बढ़ाना चाहती हूं।
खुश हूं अली अब तक शो में है मौजूद
जैस्मीन ने आगे कहा, हर सफर कहीं-न-कहीं खत्म तो होता ही है। हालांकि इस शो में मेरा सफर इतनी दूरी तय करने के बाद बीच में ही खत्म हो जाएगा, ऐसा सोचा नहीं था। शो के शुरूआती दौर में मुझे लगता था की ज्यादा दिन तक टिक नहीं पाऊंगी, लेकिन मैं टिक गई। मैच्योरिटी के साथ-साथ कॉन्फिडेंस भी काफी बढ़ गया था। दुःख तो हुआ है एविक्ट होने का, हालांकि खुशी इस बात की है की अली अब तक शो में मौजूद हैं। उससे दूर होने का भी बहुत दुःख हुआ, मैं घर में उसके साथ बहुत खुश थी। इस शो ने सिखाया की कैसे दुनिया में अलग-अलग किस्म के लोग होते हैं और कैसे इन अलग पर्सनालिटीज को साथ लेकर हमें आगे बढ़ना चाहिए। हालांकि किसी से कोई गिला-शिकवा नहीं है।"
घर में मुझ पर लगाए जाते थे झूठे इलजाम
एक्ट्रेस ने कहा, आम तौर पर मैं झगडे से बिलकुल दूर रहती हूं। लेकिन घर के कुछ लोगों ने मेरे उस नेगेटिव साइड को बाहर लाया। मेरे फैन्स के लिए मेरी पर्सनालिटी का ये साइड देखना थोड़ा शॉकिंग था। लेकिन मैं अपने आप पर काबू नहीं कर पाती थी। मुझे झूठ बिलकुल बर्दाश्त नहीं है। लेकिन घर में मुझ पर झूठे इलजाम लगाए जाते थे। मेरे बारे में भला-बुरा बोला जाता था और इस पर ना चाहकर भी मैं रिएक्ट कर बैठती थी।
राखी की पर्सनालिटी पसंद नहीं आई
राखी सावंत पर जैस्मीन ने कहा, वे बहुत ही इरिटेटिंग हैं। जब आप उसे स्क्रीन पर एक घंटे के एपिसोड में देखते हैं तो आपको वो बहुत ही एंटरटेनिंग लगती हैं। लेकिन घर में 24 घंटे उसके साथ बिताना बहुत ही इरिटेटिंग होता था। कई बार तो वो बहुत ही बदतमीज भी हो जाती थीं। घर के कई सदस्य उसे झेल रहे हैं। वो हर बात में ड्रामा करती है। मेरे कैरेक्टर पर उन्होंने सवाल उठाया, जो बहुत ही गलत है। मुझे उनकी पर्सनालिटी बिलकुल पसंद नहीं आई।
ऐजाज बहुत ही फेक इंसान है
ऐजाज खान के बारे में जैस्मीन ने कहा, वे बहुत ही फेक इंसान हैं। इस पूरी जर्नी में उनके कई अलग-अलग रंग देखने को मिले। कभी वो बहुत ही स्वीट और सेंसीबल बन जाते हैं तो कभी बहुत ही एग्रेसिव। उनपर भरोसा करना बहुत मुश्किल होता था। हालांकि पिछले कुछ हफ्तों में वे फिर से शांत हो गए हैं।
शो की विजेता बन सकती है रुबीना
जैस्मीन ने कहा, रुबीना दिलाइक से भी मेरी कभी नहीं बनी। हम दोनों ही स्ट्रांग पर्सनालिटी हैं। जिनके अपनी-अपनी राय है और इसीलिए तकरार होती थी। वो बहुत ही चालाक हैं। उन्हें अभिनव का साथ है जोकि काफी अच्छे इंसान हैं। कई बार रुबीना की कमियों को वो पूरा कर लेते हैं और शायद इसीलिए दोनों अब तक शो में बरकरार हैं। चाहूंगी की अली शो जीते, यदि वो नहीं तो मुझे लगता है रुबीना इस शो की विजेता बन सकती है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3sh7pgW
Comments